नीमच। जिले की उभरती हुई प्रतिभाशाली पेंटाथलीट कनकश्री तेजप्रकाश धारवाल ने एक बार फिर नीमच और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय खेल जगत में गौरवान्वित किया है। मध्यप्रदेश मॉडर्न पेंटाथलॉन सचिव सुनील भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि कनकश्री ने नेशनल लेज़र गन चैम्पियनशिप (बेगूसराय), नेशनल बायथले एवं ट्रायथले चैम्पियनशिप (इंदौर) में गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही एशियन चैम्पियनशिप ट्रायल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जापान में होने वाली एशियन चैम्पियनशिप (9 से 14 नवम्बर) के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया है।
खेल की विरासत और पारिवारिक प्रेरणा
मूलतः जावद निवासी कनकश्री को खेलों की प्रेरणा अपने दादा श्री देवीलाल धारवाल (पूर्व पहलवान) से मिली। उनके बड़े भाई लक्ष धारवाल भी नेशनल स्तर के खिलाड़ी हैं। दोनों भाई-बहन प्रतिदिन 5 से 7 घंटे तक कठोर अभ्यास कर अपने सपनों को साकार करने में जुटे हैं।
कोच और मेंटर्स का मार्गदर्शन
कनकश्री को विशेष प्रशिक्षण निम्नलिखित प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है
कोच: समीरसिंह जादोन, नीलेश घावरी, सुधा सोलंकी, आयुष गौड़, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर, शुभम स्वर्णकार
मेंटॉर: प्रभु मूलचंदानी (वॉटर स्पोर्ट्स)
मोटिवेटर: राकेश कोठारी
“कनकश्री मात्र सात वर्ष की उम्र में पहली बार पूल में उतरी थीं। तब से उन्होंने कई राज्य स्तरीय स्विमिंग खिताब जीते हैं और अब पावर, स्टैमिना और इंड्योरेंस के खेलों में अपनी चमक बिखेर रही हैं।- प्रभु मूलचंदानी एवं राकेश कोठारी
एशियाड और ओलंपिक की ओर कदम
कनकश्री 31 अक्टूबर से 7 नवम्बर तक पुणे में आयोजित नेशनल कैम्प में भाग लेंगी, जिसके पश्चात वे जापान में होने वाली एशियन चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चैम्पियनशिप एशियाड और ओलंपिक चयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का आयोजन मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व में होगा और टीम इंडिया 7 नवम्बर को जापान के लिए रवाना होगी।
नीमच में हर्ष की लहर-
कनकश्री के चयन की खबर से स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नगर पालिका स्टाफ और पूरा नीमच खेल जगत उत्साह और गर्व से झूम उठा। हर ओर इस बाल प्रतिभा की उपलब्धि पर बधाइयाँ दी जा रही हैं।
नीमच की यह बेटी अब एशिया में भारत का परचम लहराएगी - शहर को है इस पर नाज़!