सिंगोली। पुलिस ने बीती शुक्र शनि की रात, मालदेवी मंदिर मार्ग पर 86 लीटर अवैध शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब परिवहन हेतु उपयोग में लाई गई राजस्थान पासिंग महिंद्रा थार को भी जब्ती में लिया गया है।
शनिवार दोपहर बाद पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक नीमच जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली वस्तुओं की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे हैं अभियान के तहत बीती मध्यरात्रि करीब साढ़े 12 बजे मुखबिर की सूचना पर तिलस्वां घाट से नीचे माला देवी मार्ग पर नाकाबंदी करते राजस्थान पासिंग महिंद्रा थार को रुकवाया गया।
पूछताछ के बाद वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में रखी 10 पेटी देशी शराब बरामद की गई। व वाहन को जब्ती में लेने के बाद चालक सोमेंद्र सिंह शक्तावत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। चालक सोमेंद्र सिंह भीलवाड़ा जिले के माल का खेड़ा गांव का रहने वाला है।
कार्रवाई में सिंगोली थानाधिकारी भूरालाल भाबर और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।