मनासा। शनिवार शाम करीब 7 बजे लोडकिया-नलखेड़ा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति सड़क किनारे पैदल जा रहा था तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही ग्रामवासी मौके पर पहुँचे और तत्काल डायल- 100 पर सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस दल मौके पर पहुँचा और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस टीम ईएमटी परमानंद पाटीदार एवं पायलट प्रमोद वसीटा ने मौके पर पहुँचकर मृतक को मनासा सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु रखवाया है और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।