मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने मंगलवार को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 ग्राम एमडी ड्रग्स और 54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 75 हजार बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोतलगंज स्थित एक किराना दुकान में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर मजीद पिता इब्राहिम मंसूरी और उनके बेटे समीर पिता मजीद मंसूरी को गिरफ्तार किया।

उपनिरीक्षक एम.एस. धाकड़ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां से लाई गई और इसे किसे बेचा जाना था।
