नीमच। राजस्थान के फालना में आयोजित एथिक्स स्पोर्ट्स एंड कराटे एकेडमी इंडिया की 8वीं नेशनल ओपन इन्विटेशनल कराटे प्रतियोगिता- 2025 में नीमच के कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम देशभर में रोशन किया।
नीमच की टीम ने 16 स्वर्ण, 9 रजत और 8 कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में 8 राज्यों के 225 कराटे खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, दमन-दीव, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश के खिलाड़ी सम्मिलित थे।
मध्यप्रदेश की ओर से नीमच के 17 खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया, जिनकी आयु 4 से 17 वर्ष के बीच थी। इन नन्हें योद्धाओं ने अपने कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह अद्भुत उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद खिलाड़ियों का सम्मान समारोह सीआरपीएफ परिसर स्थित मेहता स्टेडियम, नीमच में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजय भंडोले, डॉ. योगेंद्र धाकड़, डॉ. अमृता, सरिता नेगी, सुनीता देवी और आईएस नारायणन ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
फालना में आयोजित प्रतियोगिता में बतौर अतिथि देवेंद्र सिंह नेगी (डिप्टी कमांडेंट, सीआरपीएफ), मीरा थापा (ब्लैक बेल्ट), मनोहर सिंह, अमिता गांधी, सरिता नेगी और सुनीता देवी मंचासीन रहे।
नीमच जिला कराटे संघ की सचिव मीरा थापा ने बताया कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत और समर्पण ने साबित कर दिया कि यदि जुनून और लगन हो, तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं। नीमच के इन नन्हें कराटे सितारों की जीत से पूरा जिला और प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।