नीमच। जावद विधानसभा क्षेत्र के मोरवन में 350 करोड़ रुपए की टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में चल रहा आंदोलन गुरुवार को हिंसक हो गया। सुबह सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं ‘फैक्ट्री हटाओ, बांध बचाओ’ के नारे लगाते हुए शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही थीं, लेकिन दोपहर तक स्थिति बिगड़ गई। फैक्ट्री स्थल की ओर बढ़ रही भीड़ को रोकने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ हुई, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने किसानों की आपत्तियों को अनदेखा कर सुविधी रेयॉन्स प्रा. लि. को मंजूरी दी है। उनका कहना है कि फैक्ट्री से जलस्तर और कृषि भूमि पर नकारात्मक असर पड़ेगा। स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान नेता राजकुमार अहीर और पूरणमल अहीर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
