मोरवन। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की हरकतों से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मोरवन में एक किसान के खेत पर बने कमरे में रखे सुखले में अज्ञात शरारती तत्वों ने आग लगा दी, जिससे करीब 15 ट्राली से अधिक सुखला जलकर राख हो गया।
सुबह धुआं देखकर ग्रामीण ने दी सूचना-
सुबह एक ग्रामीण ने खेत पर बने कमरे से धुआं उठता देखा। उसने तुरंत खेत मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही किसान रामनारायण राठौड़ अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे के अंदर रखा सुखला जल रहा था और चारों ओर धुआं फैला हुआ था।
फायरब्रिगेड ने बुझाई आग-
किसान ने तुरंत फायरब्रिगेड और 112 डायल पर सूचना दी। सरवानिया व डीकेन की फायरब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सुखले का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था।
ताला टूटा मिला, गाय-भैंस बाहर बांधी हुई
किसान ने बताया कि शाम को उन्होंने रोज की तरह एक गाय और एक भैंस को कमरे के अंदर बांधा था और बाहर से ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह मौके पर पहुंचने पर ताला टूटा हुआ मिला और गाय-भैंस कमरे से बाहर एक पेड़ के नीचे बंधी हुई थीं। इससे स्पष्ट है कि किसी ने पहले ताला तोड़ा, पशुओं को बाहर निकाला और फिर कमरे में रखे सुखले को आग लगा दी।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं-
किसान रामनारायण राठौड़ ने बताया कि इससे पहले भी खेत पर ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी उन्होंने सरवानिया चौकी पर लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने मांग की है कि पुलिस असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।