नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के गांव नवलपुरा में बुधवार सुबह कुएं के मालिकाना हक और पानी के उपयोग को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कमलेश नागदा पिता बंसीलाल नागदा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया है।

घायल कमलेश नागदा ने बताया कि उनके पिता के नाम से दर्ज कुएं पर कन्हैयालाल, राधेश्याम और बालमुकुंद अवैध कब्जा करने की नीयत से आए दिन विवाद करते हैं। बुधवार सुबह तीनों व्यक्ति तलवार और लाठियों से लैस होकर आए और जबरन हमला कर दिया, जिससे कमलेश नागदा बेहोश होकर गिर पड़े।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट में कुएं का निर्णय पहले ही उनके पक्ष में हो चुका है। इसके बावजूद विपक्षीगण लगातार विवाद कर रहे हैं। कमलेश ने आरोप लगाया कि तहसीलदार द्वारा दोनों पक्षों को झगड़ा न करने की पाबंदी के बावजूद, विपक्षीगण ने आदेश की अवहेलना की और हाल ही में खेत में डाली गई बिजली केबल भी काट दी।

कमलेश नागदा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व भी इस संबंध में नीमच सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अवैध कब्जे की कोशिश और हमले के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
