शाजापुर। मध्यप्रदेश की बेटी अनुज्ञा शर्मा ने जापान के टोक्यो शहर में 2 से 5 नवम्बर 2025 तक आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को कांस्य पदक दिलाकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह चौहान की प्रेरणा से , जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया एवं पूरी शाजापुर टीम ने अनुज्ञा शर्मा का अपने कार्यालय में पगड़ी, माला और सम्मान समारोह के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि अनुज्ञा जैसी बेटियां हमारे समाज की असली शान हैं। उन्होंने मेहनत और लगन से जो मुकाम हासिल किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में कहा कि शाजापुर की धरती खेल प्रतिभाओं की जन्मभूमि बनती जा रही है। जिला अध्यक्ष सिसोदिया ने अनुज्ञा शर्मा को भविष्य में स्वर्ण पदक लाने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करणी सेना ऐसे होनहार युवाओं के साथ सदैव खड़ी रहेगी।