पिपलियामंडी। क्षेत्र में आज गुरूवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने हड़कंप मचा दिया, जब कृषि उपज मंडी में लहसुन की खरीदारी के लिए आए तमिलनाडु के एक व्यापारी का अपहरण कर लिया गया। घटना फोरलेन पर स्थित बही टोल प्लाजा के समीप बने पटेल होटल के आगे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तमिलनाडु से आए व्यापारी सबरीनारंग अपने साथियों के साथ मंदसौर जिले की मंडी में लहसुन की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में पहुंचे थे। खरीद का काम निपटाने के बाद वे फोरलेन पर स्थित पटेल होटल में ठहरे हुए थे। सुबह के समय वह अपने साथियों के साथ मंदसौर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन में सवार कुछ लोग पहुंचे और व्यापारी से किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपने वाहन में बैठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी के परिचित और अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया। वे तत्काल किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपहृत व्यापारी की तलाश के लिए टीआई टीम के साथ आलोट की ओर रवाना हुए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना में शामिल वाहन और आरोपियों का सुराग मिल सके।
