नीमच। शहर के शिवाजी सर्कल स्थित बजाज शोरूम पर गुरुवार शाम एक ग्राहक ने अपनी ही बाइक में आग लगाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि बाइक में बार-बार खराबी आने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उमेदपुरा निवासी रघुनाथ सिंह पवार ने करीब छह महीने पहले इसी शोरूम से बजाज कंपनी की नई बाइक खरीदी थी। उनका आरोप है कि बाइक लगातार खराब हो रही थी। कई बार शिकायत करने और शोरूम में मरम्मत करवाने के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई, जिससे वे अत्यधिक नाराज थे। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रघुनाथ सिंह पवार को थाने ले गई। वहीं, पुलिस ने शोरूम मैनेजर मनीष बाबेल को भी थाने बुलाया, लेकिन वे देर तक नहीं पहुंचे। रघुनाथ सिंह का कहना है कि उन्होंने बाइक को चार से पांच बार मरम्मत के लिए शोरूम पर दिया, परंतु हर बार समस्या जस की तस रही। फिलहाल, बाइक शोरूम पर ही खड़ी है। इस मामले में शोरूम मैनेजर मनीष बाबेल ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार किया।