नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने शुक्रवार सुबह हल्दीघाटी एक्सप्रेस ट्रेन से एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर 631 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया। कार्रवाई नीमच रेलवे स्टेशन पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सीबीएन को खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रतापगढ़ क्षेत्र का एक व्यक्ति मेफेड्रोन लेकर आगरा (उत्तर प्रदेश) की ओर जा रहा है। सूचना के बाद सीबीएन नीमच की एक विशेष टीम गठित कर तत्काल रवाना की गई।

मंदसौर से शुरू की निगरानी-
टीम ने मंदसौर रेलवे स्टेशन से ही संदिग्ध यात्री पर नजर रखना शुरू कर दी थी। पहचान पुख्ता होने के बाद उसे हल्दीघाटी एक्सप्रेस से नीमच रेलवे स्टेशन पर रोककर पकड़ लिया गया।

631 ग्राम मेफेड्रोन बरामद-
संदिग्ध को सीबीएन कार्यालय लाकर उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 631 ग्राम मेफेड्रोन मिला। मादक पदार्थ को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 की प्रासंगिक धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
