शामगढ़। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर कमल जैन के बेटे हर्षल उर्फ हनी का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया।

अपहरणकर्ताओं ने हर्षल के मोबाइल फोन से ही उसके पिता को कॉल कर 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरा पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। पुलिस और साइबर सेल की टीमों ने राजस्थान सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी इंजीनियर कमल जैन अपने परिवार के साथ शामगढ़ के सर्किट हाउस के पीछे स्थित बंगले में रहते हैं। उनका बेटा हर्षल कोटा में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। कुछ दिनों की छुट्टी बिताने के बाद वह कार से कोटा लौट रहा था, तभी रास्ते में उसका अपहरण कर लिया गया। पुलिस टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं, वहीं अपहरण की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
