शाजापुर। थाना लालघाटी क्षेत्र के भेरुडूंगरी हाईवे पर 11 नवंबर की रात नागा साधू का वेश बनाकर की गई लूट की वारदात का शाजापुर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से कार समेत लगभग 5.88 लाख का मशरूका बरामद किया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में एएसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी गोपालसिंह चौहान और थाना प्रभारी लालघाटी निरीक्षक अर्जुनसिंह मुजाल्दे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
हरियाणा तक चली खोज, तकनीकी विश्लेषण से मिली लीड-
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर घटना में प्रयुक्त ईको कार क्रमांक HR10AU6999 की पहचान की। कार को ट्रेस करते हुए टीम ने हरियाणा के सोनीपत, कुण्डली और मुरथल क्षेत्रों में कई दिनों तक दबिश दी। पुलिस की सक्रियता देखते हुए आरोपी लगातार स्थान बदलते रहे, लेकिन टीम ने खोज जारी रखी।
18 नवंबर को मिली सफलता- तीन आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर सूचना और लोकेशन के आधार पर 18 नवंबर को सुनेरा क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों सावन उर्फ गोगा नाथ (19), विक्की नाथ उर्फ टिल्लू (22), नीरज नाथ (32) (सभी निवासी सपेरा बस्ती, आर.के. कॉलोनी, मुरथल, सोनीपत) को गिरफ्तार किया गया गिरोह का एक अन्य सदस्य सनी वाल्मीकि (ड्राइवर) फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
5.88 लाख का मशरूका बरामद-
आरोपियों से पूछताछ में पुलिस ने घटना में उपयोग की गई ईको कार, सोने के जेवरात- अंगूठी, बाली, रिंग, मंगलसूत्र का पेंडल और 10 सोने के पार कुल मूल्य लगभग 5,88,000 बरामद किए। आरोपियों ने देवास में भी इसी तरह की लूट की वारदात स्वीकार की है।
टीम को मिला सफलता का श्रेय-
कार्रवाई में निरीक्षक अर्जुनसिंह मुजाल्दे, उनि हेमंत पटेल, प्रआर मुकेश पटेल, प्रआर जसवंत जाटव, प्रआर अरविंद तिलावदिया, आर शैलेन्द्र गुर्जर, साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी एवं टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।