नीमच। नीमच जिले के ग्राम सावन में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा मेघवाल को एक अज्ञात नकाबपोश युवक ने जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात पुलिस प्रशासन के प्रति अपराधियों के बढ़ते निर्भीक रवैये को दर्शाती है।

मामले में नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती को कार में बैठाने वाला व्यक्ति उसका पति बताया गया है। दोनों के बीच विवाद न्यायालय में लंबित है।

थाना प्रभारी ने कहा कि किसी को जबरन उठाकर ले जाना गलत है। यह तकनीकी रूप से अपहरण की श्रेणी में भले न आए, लेकिन घटना गंभीर है। मामले में जांच के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और कंजार्डा पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
