नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सावन गांव के 33 वर्षीय दीपक मेघवाल का शव सड़क किनारे झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

सूत्रों के अनुसार दीपक बुधवार रात करीब 10 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार से सामान लेने जा रहा है, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। सुबह करीब 7 बजे उसके भतीजे ने गौशाला के पास सड़क किनारे दीपक का कोट पड़ा देखा। शक होने पर आसपास तलाश की तो झाड़ियों में दीपक का शव मिला। दृश्य देखकर वह दंग रह गया।

चाकू और टूटा कांच मिलने से बढ़ा शक-
शव से कुछ दूरी पर एक अज्ञात वाहन का टूटा कांच और एक चाकू भी मिला है, जिससे घटना और अधिक संदिग्ध हो गई है। दोनों वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच-
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक व तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी घटना हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है। शव को जिला अस्पताल नीमच भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और लोग इसे लेकर चिंता और बेचौनी व्यक्त कर रहे हैं।
