चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर नींबाहेड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो ट्रकों से लगभग 22 किलो डोडाचूरा जब्त कर एक हिमाचल प्रदेश एवं दो पंजाब के आरोपी गिरफ्तार किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एवं एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन, डीएसपी नींबाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सदर नींबाहेड़ा संजय शर्मा (पु.नि.) के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई में, उप निरीक्षक सुरेश चन्द एवं पुलिस टीम द्वारा थाना परिसर के सामने वंडर पुलिया के पास हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन में रखे कट्टे से 11 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में चालक मेहरचन्द (45) पुत्र गिताराम राजपूत, निवासी डोलर, थाना बुरटीवाला, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

दूसरी कार्रवाई में, एक अन्य ट्रक के केबिन में रखे कट्टे से 10 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में चालक अजय (32) पुत्र महेन्द्र मसीह, निवासी दारापुर, थाना पेणीनीया खा, जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा खलासी अंश (19) पुत्र जतिन्द्र मसीह, निवासी दारापुर (गुरदासपुर, पंजाब) को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
