नीमच। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के भागल बुजुर्ग गांव में गुरुवार देर शाम जमीन-जायदाद के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई रमेश भील पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल रमेश को मानसा अस्पताल से नीमच और बाद में रतलाम रेफर किया गया।

पिता ने घटना की दी जानकारी
घायल रमेश के पिता पूरालाल भील ने बताया कि उनका बड़ा बेटा श्यामलाल भील, जो नीमच पंजीयन कार्यालय में कार्यरत है, गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बेटी के साथ खेत पर पहुंचा। इस दौरान उसने बताया कि उसने अपनी जमीन का बंटवारा कर दिया है और अपने हिस्से की जमीन छोटे बेटे रमेश को सौंप दी है।

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर बड़े बेटे श्यामलाल ने छोटे भाई पर चाकू से कई वार कर दिए। पिता ने यह भी बताया कि श्यामलाल पहले भी शराब के नशे में रमेश से गाली-गलौज करता था।

घायल की हालत गंभीर-
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण रमेश को मानसा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर नीमच और बाद में रात में रतलाम रेफर किया गया।

पुलिस जांच में जुटी-
कुकड़ेश्वर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
