देवास। शहर के नाहरदरवाजा थाना क्षेत्र में 16 महीने पहले देवासदृइंदौर बायपास पर हुई लूट की बड़ी वारदात का देवास पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया।
एसपी गेहलोद ने बताया कि घटना के दौरान दो बदमाशों ने मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर फावड़े से उस पर हमला किया था, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोपी उसकी दोपहिया वाहन सहित अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया, सीएसपी सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी मंजु यादव के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार तकनीकी साक्ष्यों और सूक्ष्म जांच के आधार पर पुलिस ने दो आदतन अपराधियों अरुण कुशवाह निवासी सिहोर और रंजीत कुशवाह निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक दोपहिया वाहन, एक लैपटॉप चार्जर, एक मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड सहित कुल लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि इस सराहनीय कार्य पर जांच टीम को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।