मंदसौर। अफजलपुर थाना क्षेत्र के गुदीयाना गांव में गुरुवार को अवैध शराब ले जा रहे दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने बोलेरो कार को रास्ते में रोककर उसमें तोड़फोड़ की और दोनों युवकों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिना नंबर की बोलेरो में ले जा रहे थे शराब-
जानकारी के अनुसार विनय पिता मदनलाल चौहान और आशीष चौहान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में अवैध शराब लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चेहरे पर गमछा बांधे कुछ लोगों ने गाड़ी को घेर लिया और तोड़फोड़ करते हुए दोनों युवकों की लात-घूंसों और डंडों से पिटाई की। आरोपियों ने शराब की बोतलें भी नष्ट कर दीं।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, शराब जब्त-
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने बोलेरो सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा बोलेरो से 29 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
5 आरोपियों की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी-
अफजलपुर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह कनेश के अनुसार वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 5 आरोपियों की पहचान हो चुकी है। उनके खिलाफ BNS की धारा 296A, 115(2), 351(2), 119(1), 324(4), 126(2) और 3(5) सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि सभी फरार आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।