मंदसौर। सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई गांव में शनिवार तड़के करीब 4 बजे तीन हथियारबंद बदमाशों ने ट्रैक्टर चोरी का प्रयास किया। बदमाश ट्रैक्टर स्टार्ट कर ले जाने ही वाले थे कि घरवालों के जागने से उनकी योजना नाकाम हो गई। मौके से भागने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

कैसे हुई वारदात-
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और आंगन में खड़े दो ट्रैक्टरों के पास पहुंचे। कुछ देर बाद एक बदमाश ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया, जबकि दो बदमाश घर की निगरानी करते खड़े रहे। उन्हीं में से एक ने बंदूक निकाल ली और दूसरा पत्थर थामे रहा। जैसे ही ट्रैक्टर स्टार्ट हुआ और बदमाश उसे बैक करने लगा, आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए। घर की लाइट जलते ही बंदूक लिए खड़े बदमाश ने हवाई फायरिंग की और तीनों बदमाश मौके से भाग निकले।

ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा-
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण भी घरों से बाहर आ गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पिकअप चोरी की भी कोशिश-
ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश सिर्फ ट्रैक्टर ही नहीं, बल्कि पास में खड़ी एक पिकअप वाहन को भी चुराने की फिराक में थे। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस का कहना-
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
