नीमच। जिले के नीमच सिटी थाना क्षेत्र के केलुखेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट होने का मामला सामने आया है। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि समाचार पत्र द्वारा नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार विवाद खेत की मेड़ को लेकर हुआ बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और लाठियां चलने की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में महिलाएँ और पुरुष आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना को लेकर जब स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया, तो कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी एकत्रित की जा रही है।