मंदसौर। वायडी नगर पुलिस ने कमल उर्फ भेरू धनगर हत्याकांड का खुलासा करते हुए शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मात्र दो दिनों में मामले को सुलझाते हुए आरोपियों से लोहे के दो पाइप, इलेक्ट्रिक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का जीजा जितेंद्र धनगर और उसका साथी सुरेश उर्फ जुझारसिंह शामिल हैं।
कैसे हुआ खुलासा-
19 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि मेनपुरिया निवासी 24 वर्षीय कमल उर्फ भेरू का शव उसके जीजा जितेंद्र धनगर के भुनियाखेड़ी स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों ने पुराने पारिवारिक विवाद का हवाला दिया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उपनिरीक्षक विनय बुंदेला और कपिल सौराष्ट्र ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसमें सामने आया कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल थे।
शराब के दौरान बढ़ा विवाद, पाइप से हमला-
जांच में पता चला कि 19 नवंबर की रात जितेंद्र अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से कमल को घर लाया। वहां आरोपी जितेंद्र और उसका साथी सुरेश ने कमल के साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पारिवारिक विवाद को लेकर गुस्से में आए जितेंद्र ने लोहे के पाइप से कमल पर हमला कर दिया। दोनों ने मिलकर कमल की हत्या कर दी। जितेंद्र अपने ससुराल पक्ष से विवाद और कमल को हाल ही में नशामुक्ति केंद्र भेजे जाने पर बेहद नाराज था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
दोनों के आपराधिक रिकार्ड भी आए सामने-
जितेंद्र पिता नागुलाल धनगर (35) निवासी भुनियाखेड़ी, थाना वायडी नगर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और दुर्घटना सहित 7 criminal cases दर्ज हैं।
• सुरेश उर्फ जुझारसिंह पिता हीरालाल गुर्जर (32) निवासी शकतखेड़ी, थाना खाचरौद, जिला उज्जैन उसके खिलाफ भी धारा 323, 294, 506, 34 भादवि के प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।