नीमच। जिला अस्पताल शनिवार देर रात हंगामे और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया। 20 वर्षीय प्रसूता टीना मीणा की संदिग्ध मौत के बाद गुस्साए परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिवार का आरोप है कि समय पर उपचार न मिलने और ब्लड चढ़ाने में लापरवाही के कारण प्रसूता की जान गई।

मृतका टीना ने तीन दिन पहले ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। शनिवार शाम वह सामान्य अवस्था में खाना खा रही थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नर्स को बुलाया, लेकिन कोई समय पर नहीं पहुंचा। देर से उपचार मिलने पर स्थिति गंभीर हुई और आईसीयू में शिफ्ट करने तथा ब्लड चढ़ाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ आईसीयू में घुस गई, कांच तोड़े, उपकरण क्षतिग्रस्त किए और स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की की। भय के माहौल में नर्सिंग स्टाफ वार्ड छोड़कर बाहर निकल गया। लगभग एक घंटे तक पूरी अस्पताल बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मौके पर तैनात एकमात्र पुलिसकर्मी भी भीड़ के सामने बेबस दिखा। रात 11.15 बजे थाना प्रभारी भगवतसिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और आईसीयू खाली करवा कर हालात काबू में किए। देर रात 12 बजे पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। नवजात शिशु सुरक्षित है।
