मंदसौर। जिले में वाहन चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताज़ा मामला दलौदा की शांति कॉलोनी का है, जहाँ दो बदमाश हैंडल लॉक लगी एक सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी कर ले गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ़ कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

फुटेज में दिख रहा है कि दो युवक बड़ी सहजता से लॉक लगी बाइक को धक्का देकर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी-
शिकायत मिलने पर दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

रहवासियों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग-
इस घटना के बाद शांति कॉलोनी के निवासियों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त और प्रभावी कदम उठाने होंगे।
