नीमच। जिला थाना क्षेत्र के ग्राम दूधी खेड़ा में एक 30 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रहलाद पिता नानुराम भील, निवासी दूधी खेड़ा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रहलाद ने शनिवार शाम शराब के साथ सल्फास का पाउडर सेवन कर लिया था। सेवन के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे गंभीर अवस्था में नीमच जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात प्रहलाद को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया।

पुलिस ने घटना स्थल पर पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रहलाद ने घातक पदार्थ किन परिस्थितियों में और क्यों सेवन किया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
