मनासा। रामपुरा रोड स्थित कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडालिया में रविवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक ने आज़ाद बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस का कंडक्टर सहित कई यात्री घायल हो गए। अचानक हुई टक्कर से बस में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार नीमच से खड़ावदा जाने वाली आज़ाद बस धीमी गति से आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर बस में टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी प्रकार 10 नवंबर को भी कुकड़ेश्वर में एक ट्रक ने लापरवाही से बस को पीछे से टक्कर मारी थी, जिसमें बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और कई यात्री घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
