नीमच। सिंगोली रोड स्थित दड़ौली के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक डंपर की चपेट में आने से कारूलाल भील (42) निवासी ग्राम आंबा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब निर्माण कार्य में लगा डंपर रिवर्स ले रहा था। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माणाधीन नीमच-सिंगोली मार्ग पर अवैध खनन से जुड़े डंपरों का लगातार तेज रफ्तार में संचालन हो रहा था। सुरक्षा इंतजाम और ट्रैफिक नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। मृतक को कुचलने वाला डंपर सांवरिया कंस्ट्रक्शन, उदयपुर का बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, रोड जाम-
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आक्रोशित लोगों ने नीमच-सिंगोली रोड को जाम कर दिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर सहित अन्य वाहनों में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और बेकाबू डंपरों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं।

ग्रामीणों की मांगें-
- मृतक परिवार को उचित मुआवजा।
- अवैध खनन और डंपरों की आवाजाही पर रोक।
- डंपर चालक व वाहन मालिक पर सख्त कार्रवाई।

सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। समझाइश के बाद आक्रोशित परिजन मानें और नीमच-सिंगोली मार्ग का जाम खोला गया। ठेकेदार ने मृतक के परिवारजनों को 6 लाख की सहायता देने की बात कही है।
