नीमच। गुरूवार दोपहर लगभग 12 बजे नीमच शहर के पास हाईवे पर मालाखेड़ा फंटे के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, होटल संयोग के सामने तेज रफ्तार मटर से भरे ट्रक ने गिट्टी लदे टैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्टर पर सवार युवक अतर सिंह (पिता माडु राम, उम्र 34 वर्ष, निवासी मोरध, जिला जयपुर, राजस्थान) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि टैक्टर पर दो लोग लिफ्ट लेकर बैठे थे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। नीमच सिटी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।