नीमच। जिला चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में बुधवार शाम उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा कर दिया।
जानकारी के अनुसार जीरन थाना क्षेत्र के अरनिया बोराना निवासी मनोहर लाल (40 वर्ष) को हृदय रोग की समस्या के चलते बुधवार शाम ट्रॉमा सेंटर स्थित आईसीयू में भर्ती कराया गया था। देर शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
लापरवाही का आरोप, दोषी पर कार्रवाई की मांग-
मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और दोषी चिकित्सक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शव को एंबुलेंस से नहीं जाने दिया-
हंगामे के दौरान परिजनों ने शव को एंबुलेंस में रखने के बाद भी आगे नहीं बढ़ने दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंट थाना, सिटी थाना सहित शहर के तीनों थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर समझाइश दी। काफी देर की मशक्कत के बाद रात में स्थिति शांत हुई और परिजन शव लेकर रवाना हुए।
अस्पताल में देर रात तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी-
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने हेतु देर रात तक अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।