जीरन। क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना जीरन नगर स्थित पाटीदार समाज की कुलदेवी माता अंबे मंदिर में हुई, जहां चोर मां अंबे के चांदी के मुकुट, छत्र और अस्त्र चोरी कर ले गए।

दूसरी घटना जीरन के पास स्थित पिराना गांव में भगवान देवनारायण मंदिर में हुई। यहां चोरों ने रात में मंदिर के ताले तोड़कर भंडारगृह को खाली कर दिया। चोर भगवान के नौ चांदी के छत्र और अन्य सामान उठा ले गए। बताया गया कि चोरी हुए छत्रों का कुल वजन लगभग 400 ग्राम है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जीरन और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
