नीमच। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने 580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और बिना नंबर की एक पीकअप जब्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे नशा-विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया और एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
चेकिंग देखकर वाहन छोड़कर भागा आरोपी-
27/28 नवंबर की रात रतनगढ़ पुलिस नीमच-सिंगोली आम रोड पर स्थित बरेखन गौशाला के पास नाकाबंदी कर रही थी। तभी एक बिना नंबर की सफेद पीकअप चेकिंग प्वाइंट के नजदीक पहुंची। पुलिस को देखकर चालक वाहन को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन की तलाशी में 29 प्लॉस्टिक कट्टों में भरा 580 किलोग्राम डोडाचूरा मिला, जिसे वाहन सहित जब्त कर लिया गया।
मामला दर्ज, चालक और वाहन स्वामी की तलाश जारी-
रतनगढ़ थाने में फरार अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही पीकअप वाहन के मालिक की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।
जब्त सामग्री-
580 किलो डोडाचूरा - कीमत लगभग 58 लाख रुपये
बिना नंबर पीकअप वाहन - कीमत लगभग 7 लाख रुपये
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन, उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह गौर और पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।