नीमच। शहर के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अत्यंत दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक 32 वर्षीय विवाहित युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह खबर सुनकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान प्रहलाद पिता सुरेश रेगर के रूप में हुई है, जो बालाजी धाम बघाना का निवासी था। प्रहलाद शादीशुदा था और दो छोटे बच्चों का पिता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रहलाद रेगर ने अपने घर के अंदर तब फांसी लगाई, जब दुर्भाग्यवश घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत प्रहलाद को फंदे से उतारा गया और आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिला अस्पताल में प्रहलाद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल प्रहलाद रेगर के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस दिल दहला देने वाली आत्महत्या का कारण अभी तक अज्ञात है।
