मंदसौर। मादक पदार्थ तस्करी के गंभीर मामले में दो वर्षों से फरार चल रही महिला आरोपी माया उर्फ चंदा (41) को मल्हारगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिले में फरार एवं स्थायी वारंटी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर पूरे जिले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी निगरानी अतिरिक्त एसपी तेर सिंह बघेल कर रहे हैं। इसी क्रम में अनुभाग स्तर पर राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष कार्ययोजना बनाई गई थी।

थाना प्रभारी मल्हारगढ़ मोहन मालवीय ने एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर मल्हारगढ़ स्टेशन रोड स्थित मलिन बस्ती से आरोपी महिला को दबोचा।

माया उर्फ चंदा के विरुद्ध अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) द्वारा दिनांक 8 दिसंबर 2023 को स्थायी वारंट जारी किया गया था। यह वारंट प्रकरण क्रमांक 04/2016, अपराध क्रमांक 43/16, एवं धारा 8/15 तथा 29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले में लंबित था।

गिरफ्तार महिला तस्कर माया उर्फ चंदा राधेश्याम मोगिया की पुत्री है। उसका मूल निवास पालयालालमुहा, थाना भावगढ़ है, जबकि वर्तमान में वह गोविन्दगढ़, थाना पिसांगंज, जिला अजमेर (राजस्थान) में रह रही थी।

मल्हारगढ़ पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे सख्त अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता है।
