चित्तौड़गढ़। बेडच नदी के पास झाड़ियों में मिली लालानाथ की संदिग्ध मौत के मामले में चित्तौड़गढ़ सदर थाना पुलिस ने कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 20 नवंबर को राहुल उर्फ़ किशन निवासी भाटखेड़ा ने रिपोर्ट दी थी कि उसके अंकल लालानाथ (35) 19 नवंबर को चंदेरिया रेलवे स्टेशन पर अपनी माताजी को छोड़कर लौटते समय लापता हो गए थे। अगले दिन बेडच पुलिया के पास उनकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली और पास ही झाड़ियों में उनका शव मिला। शरीर पर चोट के निशान और गला दबाए जाने के संकेत मिलने पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग-
एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बृजेश सिंह के निर्देशन में सदर, कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया प्राप्त हुआ। पहचान होने पर पता चला कि आरोपी महेन्द्र व्यास पुत्र मांगीलाल व्यास, निवासी धोबी घाट, दुधेश्वर रोड, अहमदाबाद, पहले भी हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा था तथा फरार था।
आरोपी स्थायी ठिकाना नहीं रखता और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा सरायों में शरण लेकर घूमता रहता था। टीम ने उसे पकड़ने के लिए चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, नाथद्वारा, फतेहनगर व जोधपुर में संभावित ठिकानों पर उसके फोटो वितरित कर सतर्कता बढ़ाई।
जोधपुर से हुई गिरफ्तारी-
जोधपुर बस स्टैंड पर एक व्यक्ति ने आरोपी को पहचानकर सूचना दी। साइबर सेल के कांस्टेबल रामावतार ने वीडियो कॉल पर पुष्टि की और नजदीकी चौकी की मदद से आरोपी को डिटेन कराया गया। बाद में उसे चित्तौड़गढ़ लाकर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने लालानाथ की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी महेंद्र व्यास भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में महिला हत्या प्रकरण में भी जमानत से फरार चल रहा है।
कार्रवाई में सहयोग करने वाली टीम-
सदर थाना, चित्तौड़गढ़: निरंजन प्रताप सिंह (थानाधिकारी), सुरेंद्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, पदम कुमार, गुरुप्रीत, भूपराम, विनोद कुमार
कोतवाली थाना, चित्तौड़गढ़: तुलसीराम प्रजापति (थानाधिकारी), प्रेम सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रहलाद, हरिराम, राजेश, लक्ष्मण सिंह
साइबर सेल: राजकुमार सोनी, रामावतार मीणा, गणपत, मनीष नायक, कमलेश, राजेश
जोधपुर पुलिस: हेड कांस्टेबल हरसुखराम, कांस्टेबल सोहनसिंह, ओमप्रकाश, शिवराज