चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना पारसोली ने काटुंदा मोड़ पर हुई स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात काटुंदा मोड़ से कमलेश पुत्र उदयलाल मेवाड़ा का ट्रैक्टर-ट्रॉली अज्ञात बदमाश चुरा ले गए थे। मामले में पारसोली थाने पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से तलाशा सुराग-
एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह के निर्देशन और डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी पारसोली शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
टीम में एएसआई रामदयाल, कांस्टेबल सोनाराम, ललित सिंह, विजय सिंह, रघुवीर तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल राजेश कुमार, रामावतार और गणपत शामिल रहे।
दो आरोपी चिह्नित और गिरफ्तार-
जांच में चोरी की वारदात में शामिल प्रकाशचंद्र कीर (24) पुत्र बद्रीलाल कीर निवासी रामनगर, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा व कमलेश कुमार जाट (22) पुत्र लालूराम जाट निवासी माताजी खेड़ा, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा को संलिप्त पाया गया। टीम ने दोनों को डिटेन कर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर प्रकाश कीर के बाड़े में छिपाना स्वीकार किया।
चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपियों से संपत्ति संबंधी अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।