मंदसौर। जिले के शामगढ़ में 12वीं की 16 वर्षीय छात्रा को ब्लैकमेल करने और अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना से नगर में तनाव और भारी आक्रोश है। इसके चलते पूरा शामगढ़ नगर बंद है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राव कॉलोनी निवासी रिहान पिता शाकिर अब्बासी और बाबू पिता रिहान शाह पर आरोप है कि उन्होंने नाबालिग लड़की को चाकू की नोक पर डराकर अश्लील वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया। वीडियो बनाने के बाद उन्होंने इसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता के परिवार से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। परिवार ने डरकर पहले 2 लाख रुपए नकद दे दिए थे, लेकिन पूरी रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर वीडियो डाल दिए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी रिहान ने उसकी मां के मोबाइल से वीडियो बनाकर अपने फोन पर ट्रांसफर कर लिया था। शामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिहान और बाबू के खिलाफ आईपीसी की धाराओं, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति और गरोठ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुल ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया। दोनों आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
