नीमच। मंदसौर के बाद अब नीमच जिले में भी नकली नोटों का काला कारोबार पैर पसारने लगा है। इसी बीच नीमच सिटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापने के रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने 500-500 रुपये के नकली नोटों की 50 हजार रुपये की खेप जब्त कर रैकेट के मास्टरमाइंड माने जा रहे ईश्वर खारोल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी सुनील बैरागी फरार है।

गुप्त सूचना पर दबिश-
4 दिसंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि सरजना निवासी ईश्वर खारोल घर पर ही नकली नोट छाप रहा है और जल्द ही इन्हें बाजार में खपाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के निर्देशन में उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह राठौड़ की टीम ने गांव सरजना में नाकाबंदी कर दबिश दी।

घर पर ही बनाई जाती थी नकली नोटों की खेप-
पुलिस पूछताछ में ईश्वर खारोल ने बताया कि वह अपने साथी सुनील बैरागी के साथ मिलकर नोट छापने की मशीन से 500 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहा था। दोनों आरोपी इन नोटों को बाजार में चलाने की फिराक में थे।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी-
पुलिस ने ईश्वर खारोल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुनील बैरागी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। संभावना है कि इस रैकेट में और लोग भी शामिल हों।

जिले में अलर्ट जारी-
नकली नोटों की बरामदगी के बाद पुलिस ने जिले भर में चौकसी बढ़ा दी है। बाजारों में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध नोट की तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
