नीमच। शहर में खतरनाक सिंथेटिक ड्रग एमडी का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच ईदगाह कॉलोनी में एक युवक पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के पीछे एमडी नशे के दबाव को कारण बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद तालिब पिता मोहम्मद इसराइल पर पड़ोस में रहने वाले समीर पिता हारून ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि समीर ने तालिब की उंगली पर चाकू से वार किया और धमकी दी एमडी नहीं ली तो जान से मार दूंगा।” हमले के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए लेकर कैंट थाना पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एमडी नशे का बढ़ता खतरा-
सूत्रों के अनुसार शहर के कई इलाकों में एमडी ड्रग का दुष्प्रभाव तेज़ी से बढ़ रहा है। कम उम्र के युवाओं में इसका फैलाव चिंताजनक स्तर पर पहुंच रहा है, जिससे आपराधिक गतिविधियों की प्रवृत्ति बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो रहा है। यह घटना एक बार फिर एमडी नशे की बढ़ती समस्या और इसके सामाजिक प्रभावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
