मनासा। शुक्रवार देर रात मिली सूचना के आधार पर पोखरदा गांव से नंदी को पिकअप वाहन में भरकर अवैध रूप से कत्लखाने ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया। जानकारी मिलते ही मनासा और मंदसौर के गोसेवक सक्रिय हुए और मनासा-मंदसौर नाके पर वाहन को रोकने पहुँचे।
गोसेवकों को देखते ही पिकअप चालक तेज गति से वाहन को भगाते हुए मंदसौर की ओर भाग निकला, लेकिन गोसेवक लगातार पीछा करते रहे। महागढ़ गांव के आगे गोसेवकों ने साहस दिखाते हुए पिकअप को रोकने में सफलता अर्जित की। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों में से दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को गोसेवकों ने पकड़ लिया और पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
गोसेवक को कुचलने की कोशिश, एक गंभीर घायल
पीछा करने के दौरान पिकअप चालक ने गौसेवकों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिससे एक गोसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
नंदियों को सुरक्षित पहुँचाया गया गोशाला
रात में ही सभी नंदियों को सुरक्षित मनासा स्थित गोवर्धन गोशाला में छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।