पिपलियामंडी। कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी में लंबे समय से चल रही लहसुन कट्टा चोरी का मामला आखिरकार उजागर हो गया है। लहसुन व्यापारी अंकुर पिता अशोक कुमार गोयल उम्र 38 वर्ष निवासी जैन मंदिर गली ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके गोदाम नंबर 44 और 45 से लगातार लहसुन कट्टों की चोरी की जा रही थी, जिसमें उनके ही यहां 12 वर्षों से कार्यरत मुनीम की संलिप्तता सामने आई है।
व्यापारी के अनुसार 05 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 1.30 बजे उन्होंने गोदाम के बाहर रखे लहसुन कट्टों की गिनती की, जिसमें लगभग 50 किलो का एक कट्टा, जिसकी कीमत करीब 1500 रुपये है, कम पाया गया। इस पर उन्हें मुनीम संजय जोशी और उसके साथी विनोद लोहार सहित कुछ अन्य लोगों पर गहरा संदेह हुआ। व्यापारी का कहना है कि पिछले आठ महीनों से गोदाम से उपज कम निकलने की बात सामने आ रही थी, लेकिन कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिल सका था।
मामला तब खुला जब चोरी की गई उपज को नीलामी हेतु मंडी के शेड में रखा गया पाया गया। व्यापारी ने संदेह के आधार पर शेड में जाकर उपज की पहचान की और मजबूरी में उसे दोबारा खरीदना भी पड़ा। इसके बाद स्थिति और गंभीर तब हुई जब बेची गई उपज के पैसे लेने के लिए विनोद लोहार उनके कार्यालय पहुंचा। व्यापारी द्वारा पूछताछ करने पर विनोद ने बताया कि वह संजय जोशी के कहने पर लहसुन बेचने गया था।
व्यापारी अंकुर गोयल ने बताया कि संजय जोशी पिछले कई महीनों से अपने अन्य साथियों की सहायता से लहसुन कट्टों को गोदाम से निकालकर चोरी करवा रहा था और मंडी में बेचवा रहा था, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। पूर्व में भी गोदाम से कट्टों की चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट व्यापारी ने नहीं कराई थी।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस संजय जोशी और उसके साथियों की भूमिका की पड़ताल में जुटी है तथा जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।