चित्तौड़गढ़। दिगम्बर कैपफिन कंपनी, ब्रांच निम्बाहेड़ा के कर्मचारियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र रचकर स्वीकृत ऋण राशि को अनाधिकृत बैंक खातों में स्थानांतरित करने तथा ग्राहकों से प्राप्त किश्तों का गबन करने के मामले में कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस ने कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक सत्यप्रकाश मालव सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुल धोखाधड़ी की राशि 20,73,772 रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 20 सितंबर 2024 को श्रीकांत बोहरा निवासी मुरलीपुरा स्कीम, जयपुर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि दिगम्बर कैपफिन कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक सत्यप्रकाश मालव (27) निवासी सीतापुरा, थाना तालेड़ा जिला बूंदी, तथा कंपनी के अन्य कर्मचारी फील्ड ऑफिसर शंकरलाल मेघवाल (30) निवासी मोहम्मदपुरा, थाना असनावर जिला झालावाड़; अनिल बंजारा (22) निवासी जोड़मी, थाना रामपुरा जिला नीमच; मोहम्मद अमान खान (22) निवासी वार्ड 49, गांधीनगर, भीलवाड़ा; पंकज कुमार कुम्हार (27) निवासी राशमी, जिला चित्तौड़गढ़; एवं भरत लाल सिकलीगर (24) निवासी पगारिया, जिला झालावाड़ ने मिलकर कंपनी की ऋण स्वीकृति और वसूली प्रक्रिया का जानबूझकर उल्लंघन किया।
आरोपियों ने 15 मई 2023 से 15 जुलाई 2024 तक कई ग्राहकों की स्वीकृत ऋण राशि को अनाधिकृत बैंक खातों में स्थानांतरित किया तथा कई ऋण खातों की किश्तों की राशि गबन कर कुल 20,73,772 रुपये की धोखाधड़ी की।
रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एएसपी चित्तौड़गढ़ सरीता सिंह और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के निर्देशन में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना प्रभारी रामसुमेर मीणा के मार्गदर्शन में एएसआई अम्बालाल तथा टीम द्वारा जांच की गई। जांच में आरोपियों के खिलाफ अपराध प्रमाणित होने पर सत्यप्रकाश मालव और शंकरलाल मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण में शेष वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।