नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी नयागांव, थाना जावद की टीम ने एक मारुति वैन से 221 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेंद्र वर्मा एवं चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ ने किया।

जानकारी के अनुसार, 7 दिसंबर 2025 को गुठलई-गुर्जरखेड़ी-सांकला रोड पर पानी की टंकी के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मारुति वैन (आरजे-06-यूए-4065) को रोकने की कोशिश की। चालक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी में वैन से 221 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। चालक की पहचान सुखदेव पिता नाथूराम गुर्जर (45), निवासी रावलीकुड़ी, थाना रामपुरा, जिला नीमच के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम की इस कार्यवाही में चौकी नयागांव की टीम का सराहनीय योगदान रहा। मामले की आगे की जांच जारी है।
