प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली पाँच महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें महिलाओं का एक समूह घरों के बाहर रखे जूते-चप्पल एवं अन्य सामान चोरी करते हुए दिखाई दे रहा था। इसी वीडियो को आधार बनाकर अधिवक्ता प्रवीण कुमार जैन ने प्रतापगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने वायरल फुटेज का तकनीकी विश्लेषण कर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की और उन्हें हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिलाओं ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान-
रेखा नाथ (35), इंद्रा नाथ (20), रेशमा (45), सागा (53), कमली (42) के रूप में हुई है। ये सभी कच्ची बस्ती बगवास, प्रतापगढ़ की निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं भंगार बीनने का कार्य करती हैं तथा आशंका है कि इन्होंने इसी आड़ में कई स्थानों पर चोरी की वारदातें की हो सकती हैं। पुलिस अब इनसे अन्य संभावित मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।