नीमच। पुरानी पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने बुधवार रात गंभीर रूप ले लिया। नीमच सिटी थाना क्षेत्र में दो नामजद आरोपियों और उनके साथियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। घटना रात करीब 10.15 बजे की है।

शिकायत के अनुसार आरोपी दूध विक्रेता दीपक और रिहान अपने तीन साथियों के साथ पीड़ित परिवार के निवास स्थल पुरानी पुलिस चौकी के पास वल्लभ नगर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने प्रार्थी असद हुसैन बोहरा को घर के गेट से बाहर घसीटा और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में असद के सिर में गंभीर चोट आई और रक्तस्राव होने लगा।

बीच-बचाव करने पहुंची असद की मां तसनीम बोहरा और पिता जुजर हुसैन बोहरा को भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर मारपीट की। पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

घटना के विरोध में दाउदी बोहरा समाज, अली फाउंडेशन और परिवार के सदस्यों ने एसपी के नाम डीएसपी निकिता सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं। समाज जनों ने आरोपियों पर कठोर दंडात्मक और वैधानिक कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन का वाचन मुस्तफा हुसैन चौपड़ा ने किया।
