प्रतापगढ़। शहर के मंदसौर रोड स्थित एक स्पा सेंटर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्पा सेंटर के मैनेजर का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान कृष उर्फ आशीष (23) पुत्र सतनारायण माली, निवासी नया मालीपुरा, जावरा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। वह स्पा सेंटर में मैनेजर के तौर पर कार्यरत था। इससे पूर्व भी वह करीब एक वर्ष तक यहां नौकरी कर चुका था और 10 दिन पहले ही वापस काम पर लौटा था।
दोपहर में साथियों ने देखा बंद कमरा-
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे साथी कर्मचारियों ने उसके कमरे का दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाज़ा खोलने पर कृष उर्फ आशीष को फंदे पर लटका हुआ देखकर स्टाफ घबरा गया और तत्काल पुलिस व परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और जांच-पड़ताल के बाद शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया।
मानसिक तनाव में था युवक-
मृतक के मौसा बालाराम माली ने बताया कि कृष कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, लेकिन उसने ऐसा कदम उठा लेगा, इसका अंदाज़ा किसी को नहीं था। घटना से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस कर रही मोबाइल और वीडियो की जांच-
शहर कोतवाल दीपक बंजारा ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कमरे से मृतक के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों मोबाइल में दो वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है, जिनमें मृतक ने अपने तनाव और परेशानियों के बारे में बात की है। इन वीडियो की तकनीकी जांच कराई जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार-
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और परिजनों व साथियों के बयान के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।