नीमच। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम नई बावल की 25 वर्षीय लक्ष्मी ने सामाजिक तानों और दबाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी ने तीन माह पूर्व दूसरी शादी की थी, जिसके बाद समाज के पदाधिकारियों द्वारा उस पर जुर्माना लगाकर समाज से बाहर करने का निर्णय सुनाया गया। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

लक्ष्मी की तबीयत बिगड़ने पर पति प्रवीण उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पति प्रवीण ने समाज के पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समाज के फैसले और लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण ही उनकी पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाया।

प्रवीण ने बताया कि लक्ष्मी की पहली शादी करीब सात साल पहले रामपुरा में हुई थी। राखी पर मायके आने के बाद परिजनों ने उसे साथ रखने से मना कर दिया, जिसके बाद उसने प्रवीण से विवाह किया। इस दूसरी शादी से नाराज समाज के लोगों ने 6 दिसंबर को पंचायत बुलाई।

आरोप है कि पंचायत में समाज के अध्यक्ष कारूलाल रैगर, उपाध्यक्ष मोहनलाल रैगर सहित अन्य पदाधिकारियों ने पति-पत्नी पर 9 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और 14 साल के लिए समाज से बाहर करने का निर्णय सुनाया। प्रवीण का कहना है कि इस फैसले के बाद से लक्ष्मी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

प्रवीण ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के अमानवीय सामाजिक निर्णय लेने वाले जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि पंचायत में करीब 500 लोग मौजूद थे और इतनी बड़ी जुर्माने की राशि भरना उनके लिए संभव नहीं है, जिससे उनकी आर्थिक और मानसिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
