नीमच। शहर के प्राइवेट बस स्टैंड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब नागदा रूट की बस क्रमांक AR-01-L-5376 पीछे हट रही थी और उसकी चपेट में आने से बुजुर्ग कुचल गए।
मृतक की पहचान सीताराम नायक (नागू काका) निवासी खड़ावदा के रूप में हुई है। वे बस स्टैंड पर पेंटर फिरोज खान की दुकान में चौकीदारी करते थे। दुकान मालिक के अनुसार, नागू काका पैसे लेकर भोजन लेने जा रहे थे, तभी बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक बस को पीछे किया और हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर टीम सहित व केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर शव को वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। बस को जब्त कर लिया गया है तथा चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।