नीमच। सिटी के यादव मंडी क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने सल्फास का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान भावना पति धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद भावना की स्थिति गंभीर हो गई। परिजन उसे नाज़ुक हालत में नीमच जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। उदयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में जहरीले पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसके पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मंगलवार सुबह नीमच जिला अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। बताया गया है कि मृतका का मायका जावरा में स्थित है।
