मंदसौर। कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 23 गट्टे (रील) चाइनीज मांझा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार 200 रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेशों के तहत की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाफना जिनिंग रोड निवासी संतोष कुशवाह अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी संतोष पिता किशनलाल कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि चाइनीज मांझे की खरीद-फरोख्त पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह मांझा बेहद खतरनाक होता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को गंभीर चोट लग सकती है और पक्षियों की जान को भी खतरा बना रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचते या रखते पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।